इटावा। राज्यसभा चुनाव के लिए सपा के पास मजबूत रणनीति है, बस इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। मौका आने पर अप्रत्याशित परिणाम देखकर आपको खुद सब पता चला जाएगा। यह दावा शुक्रवार को जसवंतनगर के खटखटा बाबा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कही।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए शिवपाल सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर खुलकर कुछ बताने से इन्कार करते हुए कहा कि चुनाव में रणनीति होती है और उसे अभी बताया नहीं जा सकता। भाजपा के विधायकों के सपा के संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने कहा, सपा के तो हमारे पास हैं। राज्यसभा में तीसरा प्रत्याशी उतारे जाने के सवाल पर शिवपाल ने कहा, अभी इंतजार करो।
जसवंतनगर में खटखटा बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई सवालों पर अपनी बात रखी।
राकेश सचान के मिलने की बात पर बोले- यह भी रणनीति
भाजपा के मंत्री राकेश सचान के अखिलेश यादव से मुलाकात करने और भाजपा के विधायकों के सपा के संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने राज्यसभा चुनाव की रणनीति का हवाला देते हुए कहा कि अभी रणनीति सार्वजनिक नहीं की जा सकती। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव के दौरान परिस्थितियां सामने आएंगी।
ओवैसी के साथ गठबंधन के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समय आने पर सब सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा, समय आते-आते बहुत अच्छा होगा, समय आने पर सब सामने आ जाएगा।
वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर उन्होंने कोई संख्या बताने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाना है और सीटों को लेकर अभी कुछ नहीं कहना है, केवल आप लोग देखते जाओ। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।