राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सोमवार को आम जन में जागरूकता लाने के लिए छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। डीएम नितिन बंसल ने सेंट मेरी इंटर कॉलेज से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में हजारों छात्र-छात्राओं के साथ आम जन ने भी सहभागिता की। मतदान की जागरूकता के लिए रैली, निबंध, गोष्ठी, भाषण, रंगोली एवं नुक्कड़ नाटक आदि कार्यक्रम हुए।
डीएम नितिन बंसल ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि मताधिकार का प्रयोग एक अच्छे लोकतंत्र के लिए आवश्यक होता है। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। डीएम ने हस्ताक्षर कर शुभारंभ किया।
रैली में सेंट मेरी इंटर कॉलेज, इस्लामियां इंटर कॉलेज, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, सेंटमेरी इंटर कॉलेज, संत विवेकानंद इंटर कॉलेज, कर्मक्षेत्र महाविद्यालय आदि स्कूलों के स्टूडेंट शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक गोपाल भगत ने किया।
एडीएम ईश्वर चंद्र, एसडीएम अमित भटट्, एसडीएम राजमणि मिश्रा, सीओ शिवराज, डीआईओएस देवेंद्र प्रकाश, एईओ उदय नरायण सिंह सहित विभिन्न अधिकारी एवं स्कूलों के प्रधानाचार्य आदि मौजूद थे।