बकेवर। कानपुर देहात से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में बकेवर बाईपास के पास कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। बस में बैठी सवारियों में हड़कंप मच गया। बस चालक ने बकेवर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कानपुर देहात के मुंगीसापुर से बुधवार शाम स्लीपर बस सवारियां लेकर दिल्ली जा रही थी। रात करीब दस बजे कस्बे के पश्चिमी तिराहे के पास कुछ अराजकतत्वों ने अचानक बस में पथराव कर दिया।
पथराव होने से सवारियां सहम गईं और सीटों के सहारे खुद के सुरक्षित किया। राहगीरों के एकत्र होने पर हमलावर मौके से भाग निकले। चालक राकेश कुमार ने घटना की जानकारी बस मालिक राजकुमार व पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक व कुछ सवारियों से पूछताछ की। चालक ने बताया कि कुछ लोगों ने पहले महेवा स्थित आनेपुर ओवरब्रिज के पास पथराव किया था, जिससे पहिया से उछलकर पत्थर लगना समझा था।
बकेवर थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह बस हरियाणा को जाती है। वहां इन लोगों का आपसी लेनदेन का विवाद है। यहां पर इनकी कुछ लोगों से लड़ाई हुई, जिस कारण बस का शीशा टूटा है। बस चालक ने पहले अज्ञात में और अब नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।