इटावा। यूपी बोर्ड 2026 की परीक्षाओं के लिए अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन दीपक कुमार ने गाइड लाइन जारी कर दी है। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अतिरिक्त वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। तीन दिन पहले सभी परीक्षा केंद्रों में स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे। इसमें डबल लॉक वाली तीन अलमारियां और हर अलमारी की तीन चाबियां होंगी।
जनपद में इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए 67 केंद्र निर्धारित किए गए है। इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 42,039 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिले में इस बार बोर्ड परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या कम होने के कारण दो परीक्षा केंद्र कम किए गए है। बीते साल जिले में 69 केंद्रों पर लगभग 44 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया था।
डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में परीक्षा शुरू होने के अधिकतम एक घंटे पहले स्ट्रांग रूम खोला जाएगा और परीक्षा समाप्ति के अधिकतम एक घंटे बाद लॉक/सील किया जाएगा। स्ट्रांग रूम में नाइट विजन वाले सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर 24 घंटे क्रियाशील रहेंगे।
अपर मुख्य सचिव ने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही प्रश्नपत्रों एवं अवशेष प्रश्नपत्रों को रखने के लिए प्रधानाचार्य कक्ष से अलग एक सुरक्षित कक्ष को स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा। इसमें प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव के अलावा अन्य किसी भी प्रकार की गतिविधि नहीं होगी।
डीआईओएस ने बताया कि केंद्र पर प्रश्नपत्र एवं उत्तर-पुस्तिकाओं के पहुंचने पर उनके स्ट्रांग रूम की रिकॉर्डिंग व संपूर्ण परीक्षा अवधि में केंद्र के परीक्षा कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग कम से कम छह माह तक सुरक्षित रखी जानी आवश्यक होगी।