इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पूठन सकरौली गांव के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से 65 वर्षीय मातादीन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से भाग गया।
पूठन सकरौली गांव निवासी राहुल ने बताया कि बाबा मातादीन (65) गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे घर से शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। गांव के पास सड़क किनारे पहुंचते ही आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर लोग दौड़े और परिजन को सूचना दी। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मातादीन के परिवार में एक बेटा है।
प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर कार और चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। परिजन की तहरीर देने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।