बकेवर। 50 शैया अस्पताल में तैनात महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता गौतम का अस्पताल प्रशासन ने सात दिन का वेतन रोक दिया है। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. जीके मिश्रा ने जनवरी में औरैया में सात महिला नसबंदी शिविरों के लिए महिला रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ. सुनीता गौतम की ड्यूटी लगाई थी। महिला रोग नसबंदी शिविरों में ड्यूटी करने नहीं पहुंची थी। इसको लेकर अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कानपुर मंडल ने महिला रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ. सुनीता गौतम से ड्यूटी निर्देशों के प्रति लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई।
महिला रोग विशेषज्ञ ने उनकी ड्यूटी इटावा में लगाने का अनुरोध एडी से किया था लेकिन एडी ने दूसरे जनपद औरैया में ही अलग अलग स्थानों पर कैंप के लिए ड्यूटी लगा दी थी। 50 शैया अस्पताल के सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी ने बताया अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कानपुर मंडल ने अस्पताल में तैनात महिला रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ. सुनीता गौतम की एक सप्ताह के लिए महिला संबंधी शिविरों में ड्यूटी लगाई थी। इसमें वह नहीं गई थीं। एडी के निर्देश पर डॉ सुनीता का सात दिन का वेतन रोका गया है।