सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव डूंडपुरा में मिट्टी न खरीदने पर हमलावरों ने कार सवार युवक को घेरकर पीटा। युवक के साथियों ने बीचबचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों की भीड़ जुटती देख हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए।
इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर एसओ सिविल लाइन मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव हरचंद्रपुरा निवासी सुशील कुमार पुत्र सत्यवीर सिंह गांव में अपना मकान बनवा रहे है।
मकान के भराव के लिए उन्हें मिट्टी की जरूरत थी। बृजेंद्र सिंह निवासी डूंडपुरा ने कहा कि वही मिट्टी का भराव करेगा। सुशील ने उससे मिट्टी लेने से मना कर दिया। सुशील खुद ही अपने ट्रैक्टर से मिट्टी डलवाने लगा। इसी बात से नाराज होकर उसने सुशील के साथ गालीगलौज की और देख लेने की धमकी दी।
शुक्रवार की शाम को जब सुशील अपनी कार से गांव डूंडपुरा के पास पहुंचा तो बृजेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया। बृजेंद्र ने सुशील के साथ मारपीट की और कार क्षतिग्रस्त कर दी। पंकज राजपूत पुत्र अमर सिंह व विजय उर्फ छोटे ने मारपीट करने से रोका तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
जानकारी मिलने पर जब गांव वाले दौड़े तो मारपीट करने वालों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें गांव वाले बाल-बाल बचे। गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मारपीट का शिकार सुशील ने बताया कि बृजेंद्र खनन के कारोबार से जुड़ा है। उसने उससे मिट्टी खरीदने के लिए कहा था, मना करने पर बृजेंद्र ने उस पर हमला किया। सुशील की तहरीर पर पुलिस ने बृजेंद्र व उसके आठ साथियों के खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसओ सिविल लाइन भरत पांडे ने बताया एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।