बकेवर थाने का निरीक्षण करते एसएसपी एन कोलांचि।
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी एन कोलांचि ने शनिवार को थाना बकेवर और भरेह का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्हाेंने समाधान दिवस पर जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनका त्वरित निस्तारण करने को कहा। समाधान रजिस्टर देखा तो कई आवेदकों के मोबाइल नंबर अंकित नहीं थे। जन समस्याआें की अनदेखी पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष भरेह रामबाबू को लाइन हाजिर कर दिया।
थाना बकेवर में अपराध रजिस्टर में अगस्त का स्टेटमेंट नहीं मिला। जुलाई के स्टेटमेंट पर भी थानाध्यक्ष के हस्ताक्षर नहीं थे। जिस पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। क्लर्क जयचंद्र सिंह के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश दिए। पुलिस लाइन में होने वाली अपराध समीक्षा बैठकों में बार-बार निर्देश के बावजूद मासिक स्टेटमेंट तैयार न कराने, थाने पर जाकर अपराध रजिस्टर चेक न करने पर क्षेत्राधिकारी भरथना और थानाध्यक्ष बकेवर के विरुद्ध जांच एएसपी को सौंपी गई।
एसएसपी ने बकेवर थाने के अंतर्गत सुधीर दीक्षित की लाश कुएं में मिलने के मामले में विस्तृत जानकारी की। कहा कि अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार करें। 16 सितंबर को अशोक कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी लखना से 30 हजार रुपये और पिस्टल लूट के मामले में भी पूछताछ की। थाना बकेवर के बाद एसएसपी ने थाना भरेह का निरीक्षण किया। इस दौरान जनता की शिकायतें न सुनने और थाने पर आकर प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अभियोग पंजीकृत न करने की शिकायत सही पाए जाने पर थानाध्यक्ष भरेह रामबाबू को लाइन हाजिर कर दिया।