भरथना (इटावा)। कस्बा के मोहल्ला बालू गंज में सराफा की दुकान पर खरीदारी कर रहे दंपति का जेवरात से भरा थैला उचक्के ने पार कर दिया। सूचना पर मौके पर पुलिस सराफा दुकानदार व पीड़ित दंपति से जानकारी की। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर उचक्के की तलाश कर रही है।
नगर के मोहल्ला बालूगंज में सियाराम ज्वैलर्स की दुकान पर सालिमपुर निवासी यूसुफ अपनी पत्नी बिल्किसा व मां नफीसा बेगम के साथ सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे झाले खरीदने के लिए आया था। उसके थैले में पहले से ही एक हार रखा था। झाले खरीदने के बाद उन्होंने उसे भी थैले में रख लिया और झालों का हिसाब करने लगा। इसी दौरान मौका पाकर किसी उचक्के ने पास में रखा थैला पार कर दिया। दुकान पर पहले भ्ी कुछ लोग मौजूद थे। जब उन्होंने थैला देखा तो गायब था। खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा तो उसमें एक युवक थैला उठाते हुए दिख रहा है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर युवक की तलाश कर रही है। यूसुफ ने बताया कि थैले मे 52 हजार कीमत का हार व 25 हजार रुपये के झाले रखे थे। दुकानदार अखिलेश कुमार ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक थैला उठाते दिख रहा है। इस संबंध में कोतवाल बलिराज शाही ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। थैला उठाते व्यक्ति की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।