स्मार्ट मीटर से हाईटेक होगी बिजली, अब घर नहीं आएगा बिल
इटावा। बिजली निगम अब उपभोक्ताओं को हाईटेक बनाने की तैयारी में है। जिले में स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। निगम के अधीक्षण अभियंता ऋषभदेव ने बताया कि जनपद के कुल दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं में से अब तक 26 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि अब इन उपभोक्ताओं को कागज के बिजली बिल का इंतजार नहीं करना होगा।
बताया कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, उन्हें अब निगम की ओर से भौतिक बिल नहीं दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को अपने मोबाइल में यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड करना होगा। इसी एक एप के जरिए उपभोक्ता जान सकेंगे कि उन्होंने कितनी बिजली खर्च की है और उनका बकाया कितना है। यह कदम पारदर्शिता लाने और बिलिंग संबंधी शिकायतों को दूर करने के लिए उठाया गया है।
जो उपभोक्ता अपने घरों में सोलर पैनल लगवाएंगे, उनके यहां भी स्मार्ट मीटर ही लगाए जाएंगे। इन्हीं मीटरों के माध्यम से सोलर ग्रिड की कार्यप्रणाली और नेट-मीटरिंग की निगरानी की जाएगी। एक्सईएन प्रथम हनुमान प्रसाद मिश्र ने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी सटीकता के साथ कार्य कर रहे हैं। इससे न केवल बिजली चोरी पर लगाम लगेगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी रियल-टाइम डेटा मिलता रहेगा। (संवाद)