फोटो 07:::हादसे में क्षतिग्रस्त बस। स्रोत पुलिस
हाईवे पर फुलरई गांव के पास बुधवार तड़के ब्रेक फेल होने से हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर पर बुधवार तड़के औरैया से दिल्ली जा रही स्लीपर बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। अनियंत्रित बस ग्राम फुलरई के पास हाईवे किनारे स्थित न्यू कृष्णा ढाबे की टिन शेड तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे से बस में सवार यात्रियों और ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय ढाबे पर अधिक भीड़ नहीं थी।
थानाध्यक्ष कमल भाटी मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भिजवाया। हादसे में घायल अंकित (25) पुत्र सुधीर, निवासी पड़ीं, थाना कोतवाली औरैया, सुधीर (50) पुत्र रंगीलाल, निवासी पड़ीं, थाना कोतवाली औरैया, असित (4) और सोहेल घायल हो गए। अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुधीर की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान हाइड्रा मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षित ढाबे से बाहर निकलवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ चालक से भी पूछताछ कर रही है।