महेवा। चौकी पुलिस ने सोमवार को जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। खबर लगने पर भरथना विधायक उन्हें छुड़ाने पहुंच गईं। कुछ ही देर वे चौकी पर रुकीं फिर पुलिस से नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह लौट गईं। पुलिस ने जुआरियों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
हुआ यूं, महेवा चौकी प्रभारी चिंतन कौशिक ने नहर पुल पर बने यात्री प्रतीक्षालय के पास फूल सिंह पुत्र रामसेवक, अनूप पुत्र महेंद्र सेंगर, महेंद्र सिंह पुत्र मोहर सिंह कुशवाह, रंजीत सिंह पुत्र वकील सविता, दिनेश पाल पुत्र शिव राम पाल और धर्मेंद्र कुमार पुत्र शिव कुमार दोहरे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उनके पास से 3490 रुपये और मौके से एक बाइक भी मिली। जुआरियों के पकड़े जाने के कुछ ही देर बाद भरथना से भाजपा विधायक सावित्री कठेरिया चौकी पहुंच गईं। उनके साथ कुछ समर्थक भी थे। कुछ देर बाद चौकी में रुककर विधायक लौंट गईं। चर्चा ये उड़ी की विधायक जुआरियों को छुड़ाने के लिए चौकी गईं थी। विधायक सावित्री ने कहा कि उन्हें सूचना दी गई थी कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बेवजह गिरफ्तार कर लिया है। इस कारण चौकी आईं थीं। यहां चौकी इंचार्ज ने बताया कि जुआ खेलते पकड़े गए हैं। इस पर चौकी इंचार्ज से जुआ खेलते पकड़े गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई को कहा था। पुलिस ने क्या कार्रवाई की मुझे नहीं मालूम। चौकी प्रभारी चिंतन कौशिक ने कहा कि अपराध तीन साल से कम सजा का है, इसलिए सभी आरोपियों को निजी मुचलके पर चौकी से ही छोड़ दिया गया।