15 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या करने के आरोप में पति समेत छह ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजा का बाग गांव निवासी योगेश मिश्रा उर्फ रोहित मिश्रा पुत्र स्व. अखिलेश कुमार मिश्रा ने लवेदी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपनी बहन नेहा (30) की शादी तीन साल पहले लवेदी क्षेत्र के सिद्धनाथ तिवारी के पुत्र वैभव तिवारी के साथ की थी।
शादी के बाद से उसका बहनोई व अन्य ससुराल वाले 15 लाख रुपये दहेज की मांग करते रहे थे। मांग पूरी न होने पर बहन का उत्पीड़न किया और 20 जून को उसे फांसी पर लटका मार दिया।
खबर मिलने पर परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो ससुराल वाले भाग चुके थे। योगेश की तहरीर पर मृतका के पति वैभव, सास, ससुर, चचिया ससुर और दो अविवाहित ननदों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले की विवेचना सीओ भरथना कर रहे हैं।