सैफई (इटावा)। सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में पोस्ट कोविड वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने सभी आठ बेड पर भर्ती मरीजों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद 11 नंबर बेड पर भर्ती बढ़पुरा निवासी किसान दर्शन स्वरूप जैन (62) के पास पहुंचे और उनका हाल जाना। दर्शन ने इशारे से कुछ कहने की कोशिश की, तो मुख्यमंत्री उनके पास पहुंच गए। बोले, क्या हो गया है।
दर्शन स्वरूप ने कहा कि सांस लेने में दिक्कत पर तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुआ था। दर्शन ने कहा कि साहब अब ठीक हूं, लेकिन बीमारी बहुत खराब है। मुख्यमंत्री ने फिर पूछा कि अस्पताल में इलाज सही मिल रहा है। डॉक्टर समय से देखने आते है। दवाएं मिल रही हैं या नहीं। इस पर दर्शन स्वरूप ने कहा कि अस्पताल में सब ठीक है। दवाएं भी मिल रही हैें और डॉक्टर भी समय से देखते आते हैं। यह सुनकर मुख्यमंत्री वार्ड से बाहर की तरफ चल दिए।