इटावा। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी होते ही विद्यार्थियों की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। कठिन विषयों के बीच कम अंतराल होने से परीक्षार्थियों के सामने तैयारी और रिवीजन की चुनौती रहेगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होंगी। जिले में इस बार कुल 42,657 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बेहतर अंक हासिल करने के लिए विद्यार्थी अभी से पढ़ाई की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
जिले में हाईस्कूल के 22,189 और इंटरमीडिएट के 20,468 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान की तैयारी के लिए कम समय मिलेगा। रसायन विज्ञान की परीक्षा 15 फरवरी और भौतिक विज्ञान की परीक्षा 17 फरवरी को निर्धारित है।
दोनों विषयों में सूत्र, अभिक्रियाएं, संख्यात्मक सवाल और महत्वपूर्ण अवधारणाएं तैयार करनी होती हैं। ऐसे में एक दिन के अंतराल में पूरे पाठ्यक्रम का रिवीजन करना विद्यार्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। शिक्षक धीरज कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा के बीच मिलने वाले अवकाश पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
कठिन विषयों के महत्वपूर्ण अध्याय पहले पूरे करें और रोजाना प्रश्नों का अभ्यास करें। गणित व भौतिक विज्ञान के सवाल नियमित हल करें तथा रसायन विज्ञान के सूत्रों और अभिक्रियाओं को दोहराते रहें। मॉडल पेपर हल करने से समय प्रबंधन बेहतर होगा और परीक्षा के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।