ताखा। ऊसराहार में सोमवार शाम करीब सात बजे ऊसराहार तिराहे के पास स्थित तीन रेहड़ी वालों और दुकानदारों को नकली नोट देकर एक युवक ने खरीदारी कर ली। जानकारी होने पर दुकानदार परेशान हो गए।
ठेले पर केला बेचने वाले अनिल गुप्ता ने बताया कि एक युवक हेलमेट लगाए हुए आया था। उसने 50 रुपये के केले खरीदे और 500 रुपये का नोट दिया। अनिल ने उसे 450 रुपये वापस कर दिए। इसके बाद युवक करीब 50 मीटर आगे फल विक्रेता रामपूत के पास पहुंचा और 90 रुपये के आम खरीदकर 500 का नोट देकर बाकी पैसे ले लिए। इसके बाद वह आगे बढ़कर सुरेश बाथम के ठेले पर पहुंचा और 50 रुपये के फल खरीदकर शेष रकम वापस लेकर चला गया। शाम को जब दुकानदारों ने अपनी नकदी जांची तो तीनों को मिले 500 रुपये के नोट नकली निकले।
दुकानदारों के अनुसार नोट का रंग असली नोट से हल्का था। सुरक्षा पट्टी भी चमक रही थी लेकिन पूरा नोट देखने में फोटो कॉपी जैसा प्रतीत हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बाजार की अन्य दुकानों पर भी इसी तरह नकली नोट खपाए हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष रवी चक्रवर्ती और अनिल कौशल ने व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बड़ा नोट लेते समय उसकी अच्छी तरह जांच अवश्य करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या जाली नोट देने का प्रयास करे तो तुरंत डायल 112 या पुलिस को सूचना दें।