सभापति पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने पर प्रमाण पत्र लेते कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को फिर जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के निर्विरोध सभापति बन गए हैं। उन्होंने आठवीं बार यह पद हासिल किया है। जबकि औरैया के विश्वनाथ सेंगर को तीसरी बार उपसभापति चुना गया है। सिटी मजिस्ट्रेट जगतपाल सिंह ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
गुरुवार को कचहरी रोड स्थित जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक कार्यालय में प्रबंध समिति के सभापति एवं उप सभापति का चुनाव हुआ। सुबह 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक दोनों पदों पर नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित था।
सभापति पद के लिए कैबिनेट मंत्री/ एवं बैंक के प्रबंध समिति के डायरेक्टर शिवपाल सिंह यादव और उप सभापति पद के लिए डायरेक्टर विश्वनाथ सेंगर ने पर्चे दाखिल किए। निर्धारित समय तक किसी और के पर्चे दाखिल नहीं करने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रमाण पत्र दिया।
सभापति चुने जाने पर संचालकों (डायरेक्टर्स) ने कैबिनेट मंत्री श्री यादव एवं उनके पुत्र आदित्य यादव उर्फ अंकुर को भारी भरकम फूलमाला पहना कर बधाई दी। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख डा. अजंट सिंह यादव, सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य, भरथना विधायक सुखदेवी वर्मा, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, ब्लाक प्रमुख हरिओम यादव, डा. लक्ष्मीपति वर्मा, बैंक के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।