इकदिल थाने में निरीक्षण करते आई जी कानपुर जोन जकी अहमद।
- फोटो : अमर उजाला
इकदिल। कानपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक जकी अहमद ने गुरुवार को इकदिल थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दरोगा के टियर गन को न खोल पाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सीओ सिटी से दरोगा को प्रशिक्षण दिलाने को कहा। इसके अलावा चार्ट न दिखा पाने पर मुंशी को भी फटकार लगाई।
आईजी सुबह 9 बजे इकदिल थाने पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे तक थाने का निरीक्षण किया। थाना परिसर में जवानों ने उनके सम्मान में सलामी दी। उन्होंने थाना पहुंचकर अभिलेख देखे और पुलिस आवासों में जाकर सफाई का जायजा लिया। कार्यालय, हवालात व अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा।
उन्होंने जीर्ण शीर्ण भवन को शीघ्र गिरवाने के लिए कहा। थाना परिसर में वर्षों से पड़े वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने असलहा और मालखाना का निरीक्षण किया। उन्होंने असलहों के रिकार्ड को देखा लेकिन मुंशी चार्ट नहीं दिखा सका।
इस पर मुंशी को फटकार लगाईं और रिकार्ड पूरा करने का निर्देश दिया । उन्होंने असलहों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने दो सीनियर एसआई को टियर गन खोलने को कहा लेकिन वह टियर गन नहीं खोल सके।
रबर बुलेट के बारे में पूछा पर वह नहीं बता पाए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और सीओ सिटी को ट्रेनिंग देने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान एसएसपी एन कोलांची, सीओ सिटी राघवेन्द्र सिंह राठौर, एसओ आलोक कुमार राय मौजूद रहे ।