चोरी की जानकारी देती रिटायर्ड फौजी की पत्नी
- फोटो : ETAWHA
भरथना। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुंअरा में शुक्रवार देर रात चोरों ने रिटायर्ड फौजी के घर उत्पात मचाया। चोर फौजी के घर से जेवर व दो लाख की नगदी समेत सात लाख का सामान चोरी कर चंपत हो गए। शनिवार सुबह पुलिस ने पीड़ित व आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की।
भरथना के गांव कुंअरा निवासी रामजीत सिंह रिटायर्ड फौजी है। वह वर्तमान में गेल (गैंस ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) में सुरक्षाकर्मी है। उन्होंने बताया कि वह दो दिन पहले घर आए थे। शुक्रवार रात को परिजनों के साथ खाना खाने के बाद वह पत्नी मनीषा के साथ कमरे में सो गए थे और बेटा शिवम व बेटी पूजा अलग-अलग कमरे में थे। तभी देर रात चोर छत पर चढ़े और जीने से नीचे कमरों में पहुंच गए।
परिवार को सोता देख चोरों ने कमरे के अंदर रखी आलमारी व बक्से का लॉक तोड़ा। उसमें रखी सोने की चार चूडिय़ां, एक जोड़ी झाले, दो जंजीर, सात अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, चांदी की करधनी, तीन जोड़ी पायल व दो लाख एक हजार रुपये की नगदी समेत सात लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह करीब चार बजे वह उठे तो घर का मेन गेट खुला व कमरे में रखी अलमारी व बक्से के कपड़े फैले हुए थे और सामान गायब था।
पीड़ित ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की और आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। रिटायर फौजी की पत्नी मनीषा ने बताया कि 24 अप्रैल को बेटी की शादी होने वाली है। चोर उसके भी जेवर व रुपये चोरी कर ले गए। कोतवाल नगेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर चोरों की तलाश की जा रही है।