नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में बोलतीं भाजपा नेत्री सरिता भदौरिया।
- फोटो : अमर उजाला
नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में मंगलवार को युवा नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एकलव्य युवा केंद्र में किया गया। इसका उद्घाटन भाजपा की बेटी बचाओ कार्यक्रम की प्रदेश प्रभारी सरिता भदौरिया ने किया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री ने युवाओं के सर्वांगीण विकास में व्यावहारिक दक्षता को महत्व दिया है। ऐसी दशा में नेहरू युवा केंद्र का ये अभिनव प्रयास मील का पत्थर साबित होगा। आत्मनिर्भर युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकता है।
कार्यक्रम में निदेशक टीआर वर्मा ने कहा कि जापान में कौशल प्राप्त व्यक्तियों का प्रतिशत 40 है, जबकि भारत में ये संख्या मात्र दो प्रतिशत है। इस दिशा में हमेें और कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वावलंबी बनाने का प्रयास करना चाहिए। जिला समन्वयक नेहरू युवा केंद्र गोपाल भगत ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र स्वयंसेवकों और युवा मंडलों के माध्यम से जन जागरूकता को बढ़ावा दे रहा है।
केंद्र के लेखाकार श्रवण कुमार बाथम ने आभार व्यक्त किया। देहरादून में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों को 15 दिवसीय प्रशिक्षण देकर लौटे प्रशिक्षक दीप नारायण ने अनुभव साझा किए। कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। प्रशिक्षण प्राप्त युवा नि:संदेह परिवर्तन के वाहक बनेंगे। कार्यक्रम में धर्मेंद्र दुबे, गौरव गुर्जर, राहुल कुमार, सुशील यादव का योगदान रहा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हरिश्चंद्र तिवारी, नितेश पाठक, विपिन जी, आकाश दीप और धर्मेंद्र दुुबे उपस्थित रहे।