जिले में कोरोना से दूसरी मौत हो गई है। मौत के दो दिन बाद 59 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ डब्ल्यूएचओ कर्मी और एसएसपी कार्यालय में तैनात होमगार्ड समेत छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
अब जिले में पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 136 हो गई है। इनमें 59 ठीक हो चुके हैं, जबकि दो पॉजिटिव व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। 75 सक्रिय केस हैं।
जिले में कोरोना के नोडल अफसर मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति ने 10 जून को बेचैनी होने पर फर्रुखाबाद फाटक के पास स्थित डॉ. सौरभ के क्लिनिक पर इलाज करवाया था। 12 जून को फिर से बेचैनी और घबराहट हुई तो मोतीझील अस्पताल की इमरजेंसी में दिखाया।
13 जून को वे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। यहां कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया और उन्हें एक इंजेक्शन लगाया गया। तबीयत में थोड़ा सुधार होने पर वे घर लौट गए। 14 जून को फिर से हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सीडीओ ने बताया कि कोरोना पीड़ित के प्रोटोकॉल के तहत मृतक का अंतिम संस्कार करवाकर परिजनों को क्वारंटीन कर दिया गया है। साथ ही फ्रेंड्स कॉलोनी के मृतक के घर के आसपास के 200 मीटर दायरे को सील करके सैनिटाइज कराया जा रहा है।
इसके साथ मंगलवार को छह नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है, जिसमें 30 वर्षीय विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कर्मचारी भी शामिल है। यह शहर के मोहल्ला नखासा का रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह जिले में डब्ल्यूएचओ के मॉनिटर के तौर पर कार्यरत है।
13 जून को हुई सैंपलिंग में उसकी भी जांच की गई थी। दो संक्रमित गांधी नगर वार्ड के भरथना रोड गली नंबर-6 के रहने वाले हैं। इनके परिवार के पांच सदस्य पहले से संक्रमित हैं।
सभासद सुषमा पाल के प्रतिनिधि अंकित पाल ने बताया कि संक्रमित 45 वर्षीय व्यक्ति और 60 वर्षीय वृद्ध आपस में रिश्तेदार हैं। इसमें एक 14 दिन का बच्चा भी शामिल है।
कैलाश धाम वाटिका के पास रहने वाला 36 वर्षीय होमगार्ड की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसकी तैनाती एसएसपी कार्यालय में है। ब्लॉक बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम रेवाड़ी निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला है।
जबकि 31 वर्षीय संक्रमित युवक लोहिया नगर बकेवर का निवासी है। यह तीन दिन पूर्व दिल्ली से आया था। 14 जून को सैंपल कराया था रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सीडीओ ने इसे कोरोना से दूसरी मौत घोषित कर दिया, लेकिन सीएमओ डॉ. एनएस तोमर इसे किसी अन्य बीमारी से मौत मान रहे हैं। उनका कहना है कि मृतक को दिल की बीमारी थी और अटैक पड़ने से मौत हुई होगी।
हालांकि उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने की वजह से उसे कोरोना के मृतकों की सूची मेें जोड़ा जा रहा है।
इससे पहले पॉजिटिव व्यक्ति की मौत 25 मई को हुई थी। शहर के रामगंज निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट मौत होने के बाद आई थी। लेकिन शव को प्रोटोकॉल के साथ कब्रिस्तान में दफनाया जा चुका था।
एसएसपी कार्यालय में तैनात होमगार्ड के पॉजिटिव आने के बाद यहां के कर्मचारियों में हड़कंप है। देर शाम तक स्वास्थ्य विभाग की टीम एसएसपी कार्यालय के अन्य कर्मचारियों का सैंपल लेने के साथ उन्हें क्वारंटनी करने में जुटी रही।