इटावा। डीएम चौराहे पर चेकिंग के दौरान ट्रैफिक दरोगा ने स्कार्पियो सवार लोगों को सीट बेल्ट न लगाने पर रोक लिया। इस पर उन्होंने दरोगा से धक्कामुक्की और गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। दरोगा की तहरीर पर सिविल लाइन पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना का वीडियो वायरल हुआ है।
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे ट्रैफिक दरोगा राकेश बाजपेई डीएम चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान काले रंग की स्कार्पियो आती दिखी। नंबर प्लेट स्पष्ट न होने पर दरोगा ने वाहन रुकवाया। चालक सीट बेल्ट नहीं लगाए था। इस पर दरोगा ने टोका तो कार से उतरे तीन लोगों ने चौराहे पर हंगामा शुरू कर दिया। दरोगा को वर्दी उतरवाने की धमकी दी। इसके बाद भाग गए। दरोगा ने इसकी जानकारी सिविल लाइन पुलिस और आलाधिकारियों को दी। स्कार्पियो का छह हजार रुपये का चालान किया गया है। राकेश की तहरीर पर पुलिस ने आवास विकास कालोनी निवासी अविनाश सेंगर, शिवा कालोनी निवासी छोटे सेंगर और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
सिविल लाइन थानाध्यक्ष विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि आरोपी अविनाश सेंगर और छोटे सेंगर चाचा-भतीजे हैं। छोटे सेंगर का बलराम सिंह चौराहे पर मेडिकल स्टोर है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने भी ट्रैफिक दरोगा के साथ अभद्रता की है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।