इटावा। लगभग एक महीने से आंदोलित सराफा कारोबारियों ने सोमवार को जेल भरो आंदोलन के जरिए अपना विरोध प्रकट किया। पीएम मोदी व वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ नारेबाजी की। इटावा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह वर्मा समेत 500 से अधिक सर्राफों ने गिरफ्तारी देने का दावा किया गया।
हालांकि प्रशासन ने 107 लोगों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किए जाने की बात कही है। सभी गिरफ्तार सराफा कारोबारियों को पुलिस लाइन में रखा गया। बाद में उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं आंदोलनकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो महिलाएं भी आंदोलन में कूदेंगी। मुख्यमंत्री व सांसदों से गुजारा भत्ता भी मांगा जाएगा।
सर्राफा व्यवसाय पर लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सोमवार को 28वें दिन भी ज्वैलर्स की दुकानें बंद रहीं। इटावा सर्राफा एसोसिएशन के बैनर तले कारोबारियों ने सदर बाजार होमगंज से जेल भरो आंदोलन की शुरुआत की। आंदोलनकारी नगरपालिका चौराहे पर जाकर जम गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इसी दौरान एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी शिवराज सिंह, कोतवाल विनोद कुमार यादव आदि पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आंदोलनकारियों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार करके बस में बैठा लिया। सभी लोगों को पुलिस लाइन ले जाया गया। दोपहर लगभग 2:30 बजे तक सभी को पुलिस लाइन सभागार में रखा गया।
एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शांति भंग की आशंका में 107 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बाद में निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। आंदोलन के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामसिंह वर्मा व महामंत्री ओम प्रकाश मथुरिया ने दावा किया कि 500 से अधिक सराफा करोबारियों ने गिरफ्तारी दी।
इससे पहले नीम वाले चौक, इकदिल, लखना, भरथना, अहेरीपुर, जसवंतनगर के सराफा कारोबारियों ने एलान किया कि जब तक एक्साइज ड्यूटी नहीं हटती तो आंदोलन और तेज होता जाएगा। जरूरत पड़ी तो इस आंदोलन में महिलाएं भी भागीदारी करेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी दुकानें बंद हैं, लिहाजा मुख्यमंत्री व सांसदों से मांग की जाएगी कि उन्हें गुजारा भत्ता दिया जाए।
गिरफ्तारी देने वालों में अध्यक्ष व महामंत्री के अलावा सुनील, अमित सोनी, राजू टंच वाले, कृष्ण कन्हैया सोनी, प्रदीप सोनी भूरे, दीवान चंद सोनी, संतोष कुमार सोनी, डॉ. राकेश, लखना से अनुज कुमार, आशीष कुमार, जितेंद्र कुमार, जसवंत नगर से गोविंद सोनी, नरेंद्र कुमार, अरुण गुप्ता, उदी से संजीव वर्मा आदि कारोबारी शामिल रहे। इस आंदोलन में तरुण जैन, मनोज केसरवानी, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, हृदेश जौहरी, शिशुपाल सिंह, प्रदीप वर्मा, हरीश वर्मा, पीके सोनी, नरेन्द्र कुमार वर्मा, प्रमोद कुमार वर्मा अहेरीपुर, सुमित कुमार लखना, हरीओम लखना आदि शामिल रहे।