पांच साल तक प्रदेश शासन की आंखों का तारा रही सैफई योगी सरकार बनते ही बिजली विभाग की आंखों की किरकिरी बन गई है। सैफई को यूपी में सत्ता परिवर्तन होते ही बिजली विभाग ने एक साधारण गांव की श्रेणी में शामिल कर दिया है। हालांकि अफसर अभी भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश सरकार के कार्यकाल वाले ही है। अफसरों ने सत्ता परिवर्तन के साथ ही अपनी निगाहें भी सैफई से टेड़ी कर ली है।
सैफई में पहले बिजली झपकती नहीं थी और उसी सैंफई में अफसरों ने आंकडे़बाजी के जरिए बिजली का संकट बढ़ा दिया है। सैफई मेें पहले चार और अब छह घंटे की बिजली कटौती की जाने लगी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अफसरों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि रोस्टर के अनुसार बिजली दी जाए। सरकार ने जहां जिला मुख्यालयों में 24 घंटे बिजली देने के आदेश दिए तो ग्रामीण व तहसील स्तर का कटौती का अलग-अलग रोस्टर जारी किया है। वीवीआईपी सैफई गांव को तहसील स्तर का दर्जा है लेकिन बिजली की आपूर्ति ग्रामीण शेड्यूल से भी बदतर की जा रही है। इससे लोगों में निरंतर आक्रोश पनपने लगा है। सपा सरकार में सैफई गांव ही नहीं वरन आसपास के कई गांव के लोग भी भरपूर बिजली पा रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गांव में तहसील है। इसके साथ ही साथ पैरामेडिकल कालेज, स्पोर्ट्स कालेज भी है जहां प्रदेश के अन्य जनपदों के छात्र-छात्राएं हॉस्टल में रहकर पढ़ते हैं। तहसील मुख्यालय होने के नाते नियमानुसार इस क्षेत्र में चार घंटे की कटौती होनी चाहिए। पर विभागीय अफसर यहां ग्रामीण क्षेत्र का शेड्यूल लागू किए है। इसका अंदाजा इसी से लग जाता है कि तहसील मुख्यालय के घोषित शेड्यूल में रात्रिकालीन कटौती नहीं है। मगर सैफई गांव में रात्रिकालीन कटौती की जा रही है।
ट्रांसमिशन को सुधार करने के लिए पत्र लिखा है
सैफई द्वितीय विद्युत सब स्टेशन से तीन फीडर संचालित है। इसमें दो फीडर तहसील क्षेत्र के हैं तो एक फीडर ग्रामीण क्षेत्र का है। ट्रांसमिशन तीनों सबस्टेशन को ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत बिजली आपूर्ति करा रहा है। इस संबंध में ट्रांसमिशन को पत्र लिखा है। जल्द ही यहां तहसील स्तर के शेड्यूल के अंतर्गत बिजली आपूर्ति की जाने लगेगी।
कुलदीप कुमार यादव, अधिशाषी अभियंता सैफई
शिवपाल के चुनाव क्षेत्र के सात गांवों की बिजली कटी
जसवंतनगर। पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव के निर्वाचन क्षेत्र में पांच वर्ष 24 घंटे बिना कनेक्शन विद्युत आपूर्ति लेने वालों की अब सामत आ गई है। शासन के निर्देश पर चेकिंग अभियान शुरू हो गया है। करीब आधा दर्जन से ज्यादा गांवों बिजली बिल जमा न होने के कारण काट दी गई है। एसडीओ फसाहत अली ने चेतावनी दी जब तक विद्युत बिल जमा नहीं होगे और कनेक्शन नहीं लिए जाएंगे। विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं होगी।
विवरण के अनुसार क्षेत्र के ग्राम गोवेपुरा, रनवा, पड़रपुरा, शाहजहांपुर, नगला नवल, नगला जगन, पाठकपुरा आदि गांव में एसडीओ जसवंतनगर फसाहत अली , अवर अभियंता जितेन्द्र कुमार, संजय कौशल विद्युत कर्मचारियों के साथ पहुंचे। चेकिंग में पता चला कि गांव में 37 कनेक्शन है जिनके बिल कई वर्षों से जमा नही हुए हैं। इसके अलावा गांव के अन्य लोग बिना किसी कनेक्शन के विद्युत आपूर्ति ले रहे थे। इस कारण इन गांवों की ट्रांसफार्मर के समीप से तार हटाकर बिजली काट दी गई।