सैफई विवि परिसर में रोगी रिश्तेदार निवास का फीता काटकर शुभारंभ करते कुलपति डॉ रमाकांत यादव
- फोटो : ETAWAH
सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के रिश्तेदारों को तीमारदारी के लिए परिसर में ही रहने की सुविधा होगी। विवि के प्रशासनिक भवन के निकट स्थित रोगी रिश्तेदार निवास (पीआरए) का मंगलवार को लोकार्पण विश्वविद्यालय के कुलपति डा. रमाकांत यादव ने किया।
उन्होंने कहा कि इसके बनने से विश्वविद्यालय में भर्ती गंभीर मरीजों के परिजनों को इलाज के दौरान नाम मात्र के शुल्क पर ठहरने के लिए कमरे उपलब्ध होंगे। ये कमरे सिर्फ मरीजों के परिजनों को ही दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पहले से ही विश्वविद्यालय में नि:शुल्क रैन बसेरा संचालित हो रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन यहां रुक सकते हैं।
कोविड एवं नॉन कोविड अस्पताल संयोजक डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी लहर के बाद अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। नए रोगी रिश्तेदार निवास के बन जाने से गंभीर इलाज वाले मरीजों जिनके इलाज में लंबा वक्त लगता है, उनके परिजनों को रहने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर संकायाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार, संयोजक कोविड एवं नॉन कोविड अस्पताल डॉ. एसपी सिंह, कुलसचिव सुरेश चंद्र शर्मा, वित्त नियंत्रक विजय कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी रोगी रिश्तेदार निवास डॉ. अतीत कुमार, वरिष्ठ फैकेल्टी मेंबर डॉ. आईके शर्मा, डॉ. पीके जैन तथा उत्तर प्रदेश निर्माण निगम से प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज वर्मा, एके सिंह, एसके दोहरे आदि मौजूद रहे।