फोटो 28::जिला स्टेडियम में हॉकी खेलते खिलाड़ी। स्रोत-विभाग
सैफई। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, बस्ती मंडल, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और रामपुर छात्रावास की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दो मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश हॉकी के समन्वय से किया जा रहा है।
पहले क्वार्टर फाइनल में बस्ती मंडल ने मिर्जापुर मंडल को 6-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में मेजबान स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने आगरा मंडल को 6-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर रहीं।
पेनल्टी शूटआउट में लखनऊ ने 3-2 से जीत दर्ज की। चौथे क्वार्टर फाइनल में वाराणसी छात्रावास और रामपुर छात्रावास की टीमें आमने-सामने आईं। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 गोल से बराबर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। शुरुआती पांच-पांच प्रयासों के बाद भी फैसला नहीं हो सका।
अंत में सडन डेथ में रामपुर छात्रावास ने गोल कर जीत हासिल की और सेमीफाइनल में जगह पक्की की। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि एडीएम संदीप कुमार श्रीवास्तव रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया।