इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के 366 आवेदन लंबित होने पर नाराजगी जताई। कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सभी लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बैंकों को सरकारी ऋण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने वित्तीय समावेशन एवं संतृप्ति अभियान 2026-27 की प्रगति भी जांची। इस अभियान का वार्षिक लक्ष्य 1,700 है, जिसमें से 574 ऋण वितरित हो चुके हैं। अन्य योजनाओं में एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना के 28 आवेदन लंबित हैं।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के भी 76 आवेदन लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा और एलडीएम सतीश कुमार भी उपस्थित थे। (संवाद)