फोटो 21:: नुमाइश मैदान में दुकान का लाइसेंस चेक करते अग्निशमन अधिकारी आशीष मोहर। संवाद
इटावा। नुमाइश मैदान में दीपावली के लिए पटाखों की 80 दुकानें सज गई हैं। बाजार में पटाखों की बिक्री भी शुरू हो गई है, लेकिन यहां सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही सामने आई है। बारूद के इस बाजार में कहीं बिजली के तार खुले हैं तो कहीं आग बुझाने के लिए पर्याप्त अग्निशमन सिलिंडर नहीं मिले। शनिवार दोपहर अग्निशमन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया तो कई दुकानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली। ऐसे में सवाल है कि अगर पटाखा बाजार में आग लगने जैसी घटना हुई तो उससे निपटने के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं।
नुमाइश मैदान में हर साल दीपावली के अवसर पर शहर का पटाखा बाजार लगाया जाता है। इस बार भी दो कल्स्टर में करीब 80 दुकानें तैयार की गई हैं। दुकानों पर तरह-तरह के पटाखे सजाए गए हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। लोग परिवार के साथ पहुंचकर पटाखों की खरीदारी कर रहे हैं। इस बाजार में आग से बचाव के लिए दो बड़ी दमकल गाड़ियां भी तैनात की गई हैं, लेकिन दुकानों के भीतर सुरक्षा इंतजामों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली।
शनिवार दोपहर अग्निशमन अधिकारी टीम के साथ बाजार का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान कुछ दुकानों पर बिजली के तार खुले मिले। वहीं, निर्धारित व्यवस्था के अनुसार तीन अग्निशमन सिलिंडर होने चाहिए, लेकिन कुछ दुकानों पर केवल एक ही सिलिंडर मिला। कई दुकानों पर बल्ब और बिजली के तारों के सामने बैनर भी लगे हुए थे।
इससे शॉर्ट सर्किट होने या आग लगने की स्थिति में खतरा बढ़ सकता है। अग्निशमन अधिकारी आशीष मोहर ने बताया कि निरीक्षण में कई अनियमितताएं मिली हैं। दुकानदारों को खुले बिजली के तार दुरुस्त कराने, बल्ब और तारों के सामने से बैनर हटाने तथा अग्निशमन सिलिंडरों की संख्या पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।