बकेवर। आतिशबाजी बिक्री की दुकानों का एसडीएम व सीओ ने शनिवार दोपहर बाद निरीक्षण किया। एसडीएम ने दुकान लगाए दुकानदारों से कपड़े के टेंट उतरवाए। खाली ड्रमों में पानी भरवाने को नगर पंचायत से कहा।
दीपावली के त्योहार पर कस्बा में आंबेडकर पार्क के पास व प्रयाग दुग्ध अवशीतन केंद्र पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने की प्रशासन ने अनुमति दी है। शनिवार को एसडीएम भरथना काव्या सी व सीओ भरथना आरडी मौर्य के साथ आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया।अंबेडकर पार्क के पास 12 दुकानें लगी थीं। आतिशबाजी बेचने के लिए दुकानों की अनुमति लेने वाले दुकानदारों ने लोहे के पाइपों के साथ कपड़े के टेंट लगाकर दुकानें लगा रखी थीं।
इस पर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुकानदारों को दुकानों पर लगे कपड़े के टेंट तत्काल हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी कई दुकानों के टेंट के कपड़े हटवाए। दुकानों के पास पानी की व्यवस्था के लिए ड्रम रखे थे,परन्तु उनमें पानी बहुत कम था। इस सीओ ने बकेवर चेयरमैन विवेक यादव से फोन कर उन ड्रमों में नगर पंचायत का टैंकर भिजवाकर पानी भरवाने को कहा।
एसडीएम ने बताया कि आंबेडकर पार्क के पास बकेवर लखना की 12 दुकानें हैं। वहीं उरेंग, निबाड़ी और अहेरीपुर के दुकानदारों की नौ दुकानें पराग डेयरी परिसर में रविवार को लगाई जाएंगी। ( संवाद)