इटावा सफारी पार्क के बफर क्षेत्र में ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर अजगर
- फोटो : अमर उजाला
इटावा सफारी पार्क में मंगलवार को अचानक अजगर दिखा। इससे तेंदुए की खोजबीन के लिए निकल रहे वनकर्मी भाग निकलेे। बाद में अजगर को डंडे के सहारे हटाया गया।
सफारी में आए तेंदुए की निगरानी के लिए कुछ वनकर्मी बफर क्षेत्र में जाने की तैयारी में थे। वे ट्रैक्टर से नीचे थे कि अचानक ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर करीब पांच फीट लंबा और लगभग 20 किलो वजन का अजगर दिखा। वह वनकर्मियों की ओर से फुफकारने लगा। यह देख वनकर्मी भाग निकले। घटना की जानकारी सफारी पार्क के निदेशक पीपी सिंह को दी गई। उन्होंने कर्मचारियों से अजगर को सुरक्षित तरीके से वहां से हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद डंडे के सहारे से अजगर को नीचे उतारा गया। नीचे उतरने के बाद सफारी के बफर क्षेत्र के जंगल में वह विलुप्त हो गया। इसके बाद ही कर्मचारियों की जान में जान आई।
तेंदुआ के बाद अजगर बना मुसीबत
सफारी पार्क के लिए लगभग 25 दिनों से तेंदुआ मुसीबत बना हुआ है। वह बफर क्षेत्र में घुसा है। उसके पग मार्ग सफारी के बंद पड़े मुख्य मार्ग पर देखे गए। आवासीय परिसर में भी तेंदुआ को लेकर लोग भयभीत हैं। लेकिन अभी उसे पकड़ा नहीं जा सका है। निदेशक पीपी सिंह ने कर्मचारियों से विशेष सतर्कता के साथ काम करने को कहा है।
तेंदुआ से बचने को तीन फुट की हुई फेनसिंग
सफारी परिसर में तेंदुआ के होने के बाद से हिरन सफारी की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एंटी लोप सफारी की बाउंड्रीवाल पर्याप्त ऊंची न होने से यह खतरा और भी बढ़ जाता था। सफारी प्रशासन ने एंटीलोप सफारी की सुरक्षा के लिए एंटीलोप सफारी में तीन फुट ऊंची फेनसिंग बढ़ा दी है। अभी तक यह फेनशिंग 10 फुट की थी। अब बढ़कर 13 फुट हो जाएगी। फेनसिंग को इस तरह से घुमावदार डिजायन किया गया है कि वह किसी तरह से अंदर न जा सके। इसके अलावा चारों ओर से लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। ताकि रात्रि गश्त के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो सके। निदेशक पीपी सिंह ने बताया कि तेंदुआ के घुसने के सभी संभावित ठिकानों को सुरक्षित कर लिया गया है।