नगर पालिका बोर्ड की आवश्यक बैठक शनिवार को पालिका सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू ने की। इस अवसर पर नगरीय निकाय की सेवा से रिटायर हुए अधिशासी अधिकारी जनार्दन राय को भावभीनी विदाई दी गई। बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इस अवसर पर अधिकांश सभासद मौजूद रहे।
बोर्ड की बैठक में सभासदों की ओर से कई प्रस्ताव आए। इनमें ठेकाकर्मियों का मानदेय 7500 करने, सभासदाें को 20 हजार रुपये महीने, चेयरमैन क ो 30 हजार रुपये मानदेय के रूप में देने तथा भत्ता दो हजार किए जाने का प्रस्ताव पास कर स्वीकृत के लिए शासन के पास भेजा गया।
सोडियम लाइटें खरीदने के लिए 15 लाख तथा ब्लीचिंग पाउडर के लिए पांच लाख रुपये का बजट पास किया गया। सभासदों ने शाहग्रान में पेयजल समस्या, पंसारी टोला में जलभराव की समस्या की ओर बोर्ड का ध्यान आकर्षित कराया। इसके अलावा आय-व्यय का ब्योरा भी बोर्ड की बैठक में पास किया गया।
दिसंबर में पालिका को टैक्स से 9.48 लाख की आय हुई है। 2.66 करोड़ रुपये राज्य वित्त आयोग से अनुदान के रूप में प्राप्त हुए हैं। 1.32 करोड़ रुपये वेतन आदि पर व्यय किए गए हैं। निर्माण पर 94 लाख, जलापूर्ति पर 6.80 लाख, विद्युत पर 2.53 लाख, वाहनों के रखरखाव पर 15.99 लाख समेत 2.52 करोड़ रुपये खर्च दिखाया गया है।