फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोसलिंड अगस्टिन बनी एक दिन की जिलाधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए सोमवार को जिला प्रशासन से लेकर महत्वपूर्ण विभाग की कमान बालिकाओं के हाथ में रही। सेंट मेरी इंटर कॉलेज की टॉपर कुमारी रोसलिंड अगस्टिन एक दिन की जिलाधिकारी बनीं। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। इसे दूर करके ही समाज में बदलाव और सुधार लाया जा सकता है। वहीं, मानसी सक्सेना ने जिला प्रोबेशन अधिकारी, आरती ने जिला विद्यालय निरीक्षक और कीर्ति गुप्ता ने जिला समाज कल्याण अधिकारी का पदभार संभाला। तीनों छात्राओं ने जनता की समस्याओं को समझा, परखा और उनका निस्तारण किया।
विज्ञापन

नजारे बदलने हैं तो नजरिया पहले बदलें
श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स दिल्ली में स्नातक की छात्रा रोसलिंड ने 11 बजे जिलाधिकारी की कुर्सी संभाली। उन्होंने कहा कि स्नातक की पढ़ाई करने के बाद उनकी इच्छा भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने की है। वह भी आईएएस ऑफिसर बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती है। छात्रा ने बताया कि हमारा संविधान और लोकतंत्र दुनियां में सबसे श्रेष्ठ और मजबूत है। ऐसी कोई समस्या नहीं जिसका निदान हमारे संविधान में न दिया हो। आवश्यकता इस बात की है हम सबको अपनी-अपनी जवाबदेही तय करनी है। उन्होंने बदलाव का मंत्र देते हुए कहा कि यदि हमें नजारा बदलना है तो अपना नजरिया पहले बदलना होगा।
जिलाधिकारी के रूप में रोसलिंड ने कहा कि उनकी प्राथमिकता स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और प्लास्टिक को बैन करने की योजना पर काम करने की होगी। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार तो हमारी सरकारी मशीनरी में ही है। हम सबको मिलकर उसके खिलाफ खड़े होना है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि एक दिन का जिलाधिकारी बनकर वह गौरवान्वित महसूस कर रही है। उसका सपना भी इसी कुर्सी को संभालने का है। वह बहुत खुश है और अंदर से उत्साहित भी है। इस पद पर काम करने का पहला अनुभव अच्छा और प्रेरणादायक रहा।
जिलाधिकारी के सामने नगला पीर की पुष्पा देवी, लोंगपुर के जगराम सिंह और नगला महीपत की विमला देवी ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे संबंधी शिकायतें की। रोसलिंड से उनकी समस्याएं सुनकर निस्तारण के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अवध नारायण को निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विकास भवन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस में भाग लिया। युवा मतदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर जिलाधिकारी श्रुति सिंह, सीडीओ राजा गणपति आर, सेंट मेरी के प्रिसिंपल फादर जोबी जोसेफ, अबू अब्राहम, सर अगस्टिन मौजूद रहे।
बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस में किया जाए पारंगत: मानसी
इटावा। सोमवार को एक दिन के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी बनी मानसी सक्सेना ने निर्देश दिए कि बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस में पारंगत बनाया जाए। इसके लिए विभाग की ओर से एक मुहिम चलाई जाए। इसमें जानकार लोग प्रशिक्षक के तौर पर विद्यालयों में जाएं और बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस में पारंगत करें। इसके साथ ही उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाएं। इससे पहले जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रशांत कुमार सिंह ने एक दिन की प्रोबेशन अधिकारी मानसी सक्सेना का बुके देकर स्वागत किया। विभागीय स्टाफ ने भी एक दिन की अधिकारी का स्वागत किया। उपस्थिति रजिस्टर सीन किया गया। मानसी सक्सेना केंद्रीय विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा तथा बास्केटबाल की खिलाड़ी हैं। वह बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की इटावा की ब्रांड एंबेसडर भी है।
योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचे
इटावा। एक दिन की जिल़ा समाज कल्याण अधिकारी बनी कीर्ति गुप्ता ने कहा कि विभाग में गरीबों, बेसहारा लोगों के लिए जो योजनाएं चलती हैं उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचना चाहिए। समाज कल्याण अधिकारी का पद संभालने पर कार्यालय के मो. सलीम तथा अन्य कर्मचारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। उपस्थिति रजिस्टर सीन किया। छात्रा कीर्ति शहर के कटरा फतेह महमूद खां की रहने वाली हैं। वह ठाकुर राजेश सिंह महाविद्यालय में एमएससी की छात्रा हैं।
आरती बनी एक दिन की जिला विद्यालय निरीक्षक
इटावा। राजकीय बालिका इंटर कालेज इटावा की कक्षा 12 की छात्रा आरती को एक दिन का जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया। साढ़े 11 बजे आरती को जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने सम्मान सहित कुुर्सी पर बैठाया। आरती ने कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला कर्मचारियों ने दैनिक कामकाज में आ रही कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी ली। कार्यालय सहायकों ने अपने-अपने पटल की पत्रावलियों को उनके सम्मुख रखा। जिला विद्यालय निरीक्षक के तौर पर उन्होंने उनके निस्तारण के निर्देश दिए। आरती ने कहा कि इस पद पर उन्हें चुना गया, वह काफी गर्व महसूस कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें