इटावा। भरथना थानाक्षेत्र के गांव झिंदुआ में सोमवार शाम साढ़े छह बजे एक महिला घर में बंधक मिली। महिला ने बदमाशों के घर में घुसकर सिर पर वार कर बेहोश करने और सात लाख रुपये के जेवर लूटने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध बताकर जांच कर रही है।
झिंदुआ निवासी सचिन यादव बहन नीतू और और मां गुड्डी देवी को लेकर सोमवार दोपहर तीन बजे पाली कला गांव के देवी मंदिर झंडा चढ़ाने गया था। पिता महावीर सिंह खेत गए थे। घर पर पत्नी माधुरी (27) अकेली थी। माधुरी ने बताया कि बदमाश घर में घुस आए और सिर पर पीछे से कुछ मार दिया। वह बेहोश हो गईं। शाम करीब साढ़े छह बजे पति घर लौटे तो उसे बेहोश पाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। बदमाश कितने थे यह माधुरी नहीं बता सकी।
नीतू ने बताया कि अलमारी में भाभी के साथ ही उसके भी जेवर रखे थे। बदमाश दो हार, सोने की आठ चूड़ियां, दो चेन, कुंडल और चार जोड़ी पायल ले गए हैं। घटना की जानकारी पर भरथना के क्राइम इंस्पेक्टर दिनेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल में माधुरी से घटना की जानकारी ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।