चकरनगर। बीहड़ के दुर्गम रास्तों को दुरुस्त करने के लिए जिला पंचायत ने खजाना खोल दिया है। चकरनगर ब्लॉक के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई है। सात महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत और एक नाला निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है जिससे क्षेत्र के करीब आठ गांवों की 20 हजार की आबादी को सुविधा होगी।
इस निर्माण कार्य से चकरनगर के उन गांवों को सीधा लाभ मिलेगा जो लंबे समय से खराब रास्तों से परेशानी झेल रहे थे। जिला पंचायत सदस्य राजीव यादव ने बताया कि पथर्रा में डामर रोड की ओर सीसी निर्माण पर 21.10 लाख, ग्राम पंचायत पसिया में शिवजी मंदिर मार्ग पर 13.36 लाख, विंडवा खुर्द (मंगदगढ़ी) में 13.37 लाख और भोया गांव में सीसी मार्ग पर 12.48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा सहसो में सिद्धनाथ मंदिर मार्ग, कुंवरपुर कुर्छा और सिन्डोस गांव में भी संपर्क मार्गों का जाल बिछाया जा रहा है। इसके साथ ही जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए भरेह के इमिलिया गांव में 13.53 लाख की लागत से आरसीसी नाला निर्माण को मंजूरी दी गई है। खराब रास्तों के कारण अब तक इन गांवों के बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से कृषि उपज को मंडी तक ले जाना भी आसान होगा।