फोटो 31:: जसोहन में बारिश से प्रभावित फसलों का निरीक्षण करते एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह व राजस्
जसवंतनगर। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश से क्षेत्र में बाजरा, धान, उर्द, मूंग और तिल समेत खरीफ की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रशासन ने सर्वे शुरू कर दिया है। एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल और नायब तहसीलदार नेहा सचान ने राजस्व टीमों के साथ अलग-अलग गांवों में पहुंचकर फसल क्षति का निरीक्षण किया।
एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने राजस्व टीम के साथ जसोहन गांव में खेतों का निरीक्षण कर बारिश से फसलों को हुए नुकसान की स्थिति देखी। वहीं तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल ने भेसान, रायनगर और फुलरई गांवों में पहुंचकर खेतों का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने राजस्व कर्मियों के साथ जगसोरा, सिरहौल और नगला छंद में फसल क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने किसानों से बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली और राजस्व कर्मियों को क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए। खेतों में जलभराव और फसलों की खराब स्थिति को भी टीमों ने मौके पर देखा। सर्वे के आधार पर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के कारण यदि फसल में 35 प्रतिशत से अधिक नुकसान पाया जाता है तो दैवी आपदा के तहत शासन की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार प्रभावित किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि राजस्व टीमें गांव-गांव जाकर फसल क्षति का आकलन कर रही हैं।