चौबिया थाना क्षेत्र स्थित फर्रुखाबाद रोड पर बख्त्यार पुरा के पास शनिवार की रात बाइक से आ रहे एक रिटायर्ड फौजी को बाइक सवार लुटेरों ने रोककर तमंचे के बल पर लूट लिया। लुटेरे उनके पास से 13 हजार रुपये नगद के अलावा बाइक, सोने की चेन, अंगूठी व मोबाइल लूट ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लुटेरों की तलाश की, लेकिन कोई पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव नगला बेरी निवासी दिनेश यादव पुत्र नरसिंह यादव रिटायर्ड फौजी हैं। इस समय वह मिनी पीजीआई सैफई में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात हैं। शनिवार को वह बाइक से अपनी बहन की ससुराल चौबिया थाना क्षेत्र के गांव हिद्द पुरा गए थे। लौटते समय रात करीब दस बजे फर्रुखाबाद रोड पर बख्त्यार पुरा के पास पहुंचते ही तीन बाइकों पर सवार लुटेरों ने उन्हें रोक लिया।
तमंचे के बल पर मारपीट कर बाइक, सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल व जेब में रखा 13700 रुपये नगद लूट लिया और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। दिनेश यादव की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लुटेरों को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दिनेश ने बताया कि लुटेरे तीन बाइकों पर सवार थे, उनकी संख्या भी सात-आठ रही होगी। दिनेश ने घटना की तहरीर थाने में दे दी है।