जसवंतनगर। आईटीबीपी के रिटायर्ड जवान ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिला लैपटॉप और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग उसके मालिक को वापस करा दिया। कोठी कैस्त निवासी सत्येंद्र यादव के यहां विवाह समारोह का आयोजन था। समारोह में हाईकोर्ट के अधिवक्ता राहुल तिवारी भी शामिल होने आए थे।
वह गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर कार्यक्रम में चले गए। इसी दौरान उनका बैग कहीं गिर गया था। बैग में लैपटॉप, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा कुछ नकदी रखी हुई थी। इसी बीच यह बैग नगर के महलई टोला निवासी आईटीबीपी रिटायर्ड प्रदीप पांडे को पड़ा मिला।
बैग में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने जानकारी जुटाई और तुरंत सत्येंद्र यादव से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने बैग उसके असली मालिक को सकुशल वापस कर दिया।वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रदीप पांडे के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की।