चकरनगर। तहसील दिवस में बीते माह कस्बे के लोगों की शिकायत पर सीडीओ अजय कुमार गौतम ने दुर्गा कॉलोनी की कीचड़ युक्त सड़क को दो दिन के भीतर निर्माण शुरू कराने के सख्त आदेश दिए। जिम्मेदारों की लापरवाही से तीन हफ्ते के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में बच्चों को कीचड़ के रास्ते से होकर स्कूल जाना-आना पड़ रहा है।
तहसील मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित गोपाला स्कूल से राजपुर रोड तक 150 मीटर की मुख्य सड़क करीब एक दशक पहले बनी थी। निर्माण के कुछ ही वर्ष बाद सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए। जिससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो वर्षों से दुर्गा कॉलोनी के लोग कीचड़ युक्त बदहाल सड़क की मार झेल रहे हैं।
17 जनवरी को तहसील दिवस पर कस्बे के लोगों ने मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम से बार-बार शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने की बात कही थी। जिससे नाराज सीडीओ ने दो दिन के भीतर सड़क निर्माण शुरू कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद विकास विभाग ने केवल ईंट डलवा कर कीचड़ की समस्या अस्थायी रूप से खत्म कर दी लेकिन पक्की सड़क आज भी अधूरी पड़ी है। वही ईंट डालने से एक गली का पानी रुक गया। जिससे कई घरों के लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गोपाला स्कूल के 400 से अधिक बच्चों को रोजाना उबड़-खाबड़ रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है।
कस्बा निवासी संजू देवी ने बताया स्कूल की सड़क पर ईंट डाल कर ऊंचा कर दिया है जिससे हमारी गली में पानी भर रहा है। बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है। आठ दस घरों के लोग कैद हो गए हैं।
संजू चौहान ने बताया स्कूल में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने जाते हैं। कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्तों से निकलना बड़ा मुश्किल है। बच्चे रोजाना साइकिल से गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ईंट डालकर कीचड़ खत्म कर दिया है। सड़क का टेंडर भी हो गया है। एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा।
यदुवीर सिंह राजपूत, बीडीओ, चकरनगर