कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट के आदेश पर दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। तीन माह पहले रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला था। मृतक के भाई ने विवाहिता से संबंध होने के चलते हत्या करने का आरोप लगाया था।
भरथना के घमुरिया निवासी मनोज कुमार का आरोप है कि सात जनवरी की दोपहर गांव की ममता देवी घर आई और भाई अनुज को अपनी विवाहित बेटी सीलम के साथ खेत के पास बुलाने की बात कही। उसके और पिता रामप्रसाद के कारण पूछने पर थोड़ी देर में लौट आने की बात कही।
अनुज घर से निकल गया, इसके कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसका शव रेलवे लाइन किनारे पड़े होने की जानकारी दी। परिजनों ने महिला पर हत्या का आरोप लगाकर भरथना कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने कोर्ट से मदद ली।
कोर्ट के आदेश पर महिला ममता देवी, उसके पति मेघनाथ, विवाहित बेटी सीलम व उसके पति सुनील कुमार निवासी चितभवन इकदिल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।