चकरनगर। ग्राम पंचायत सहसों स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के दिन अब बहुरने लगे हैं। वर्षों से बदहाल पड़े विद्यालय के कायाकल्प का कार्य प्रशासन ने शुरू करा दिया है। लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कॉलेज में बाउंड्रीवाॅल, कंप्यूटर कक्ष, सभागार और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इससे विद्यालय को नया स्वरूप मिलेगा।
कायाकल्प कार्य के तहत विद्यालय के चारों ओर बाउंड्रीवाॅल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके बाद परिसर में इंटरलॉकिंग व टाइल्स बिछाई जाएंगी और पूरे भवन का रंग-रोगन कर आकर्षक बनाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बाउंड्री न होने के कारण विद्यालय परिसर में गंदगी फैली रहती थी।
छुट्टा जानवर स्कूल में घुस जाते थे और गंदगी फैलाते थे। इससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता था। ग्रामीण राजेश यादव, अजय, अभिलाख यादव, संतोष कुमार, प्रेम सिंह, रामलखन, बृजेश, सियाराम, रामभरोसे, सत्यप्रकाश, सुनील कुमार व राधा यादव ने कहा कि अब विद्यालय में बच्चों को पढ़ने का अच्छा वातावरण मिलेगा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राहुल गौतम ने बताया कि विद्यालय के कायाकल्प से चंबल पार क्षेत्र में शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।