प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि सरकारी नौकरी के लिए उनके पास सिफारिश के लिए दौड़ना बंद करें। विकास के काम लाएं जिन्हें वह वरीयता से कराएंगे। नौकरी जमकर पढ़ाई करके टेस्ट पास करने वालों को स्वयं मिलेंगी।
शिवपाल सिंह यादव बुधवार को जसवंतनगर कस्बे में सवा तीन करोड़ की लागत से सिरसा नदी के पुल के लोकार्पण तथा कचौरा रोड़ पर नारायणी इंटर कालेज का शिलान्यास करने के बाद संबोधित कर रहे थे। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश में 400 से ज्यादा छोटे बडे़ पुलों का निर्माण कराया है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में पुलिस भर्ती में कथित सिफारिश को लेकर हम सब जांच के घेरे में घिर गए थे। कार्यक्रम में सपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता और सभासद राजीव ने इस नदी के सुंदरीकरण और सफाई की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने दोनों कामों को कराने की घोषणा की।