सपा के तत्वावधान में पचराहे पर कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पांच सौ गरीबों को कंबल वितरित किए। कंबल वितरण के दौरान पचराहे पर गरीबों का हुजूम उमड़ पड़ा। कंबल पाकर गरीबों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सपा ने हमेशा ही गरीबों, मजलूमों, दबे पिसों की मदद की है। सपा सरकार प्रदेश में गरीबों के लिए तमाम जनहितकारी योजनाएं चला रही है, जिसका गरीबों को पूरा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने सपा शहर अध्यक्ष मुबारक अंजुम की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की। सपा शहर अध्यक्ष ने इस मौके पर पचराहे पर बन रहे 50 शैया के अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग की। इस दौरान सपा शहर अध्यक्ष मुबारक अंजुम ने शिवपाल सिंह यादव को शाल ओढ़ाकर व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
धर्मवीर सिंह बिट्टू ने शिवपाल सिंह यादव को चांदी का मुकुट पहनाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लक्ष्मीपति वर्मा व आलोक दीक्षित ने किया। इस अवसर पर दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अशोक यादव, सदर विधायक रघुराज शाक्य, विधायक भरथना सुखदेवी वर्मा के अलावा उमेश दीक्षित, डॉ. जयचंद्र भदौरिया, मो. अलताफ, सलीम अंसारी आदि मौजूद रहे।