जसवंतनगर में सभा को संबोधित करते सपा राष्ट्रीय महासचिव/सांसद रामगोपाल यादव।
- फोटो : amarujala
जसवंतनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चाहे कुछ भी कहें देश की अर्थव्यवस्था निचले स्तर पर पहुंच गई है। जीएसटी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दुकानदार, मजदूर, सेल्समैन सभी बेरोजगार हो गए हैं। जनता इसका जबाव 2019 के लोकसभा चुनाव में देगी। ये बातें उन्होंने रविवार को पीएल सीड्स फार्म परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कहीं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा मोदी तथा योगी सरकार विरोध बर्दाश्त नहीं करती। लोकतंत्र में विपक्ष का रहना अत्यंत आवश्यक है। जिससे सरकार की कमियों को बताया जा सके। बिहार में लालू प्रसाद यादव ने विरोध किया तो उनके सारे परिवार को मुल्जिम बना दिया गया। उन्होंने पंडित नेहरू तथा इंदिरा गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी विपक्ष के साथ नाइंसाफी नहीं की।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने एक लाख से ज्यादा शिक्षामित्रों को नौकरियां दी थीं लेकिन उन्हें हटा दिया गया और वे जब अपना हक मांगने के लिए लखनऊ पहुंचे तो उनकी पिटाई की गई। कहा कि सपा के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। डरा धमकाकर दल बदल किया जा रहा है। जीएसटी से व्यापारी परेशान हैं। सारी व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है। जो व्यापारी ऑनलाइन की व्यवस्था नहीं जानते वे परेशान हैं।
इस दौरान एमएलसी राकेश यादव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, संतोष यादव, पूर्व मंत्री विश्राम सिंह यादव, दुष्यंत यादव, सुबोध यादव, बजरंगी यादव, सभासद सुनील यादव, रामपाल सिंह यादव, रघुबीर यादव, प्रधान अशीष यादव, राजबीर सिंह, अशोक ठेकेदार, दाताराम शंखबार ने श्री यादव के पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी जिला सचिव राकेश यादव ने किया।