इटावा/ऊसराहार। मौसम का रुख रविवार को एकाएक बदल गया। शाम को आंधी के साथ शहर सहित कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई और ओले भी गिरे। ऊसराहार में पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से युवक की मौत हो गई। बारिश होने से खेत गेहूं की कटी फसल नरम हो गई है, इससे कटाई और मड़ाई का काम एक दो दिन ठप हो जाएगा।
रविवार को सुबह आसमान पर घने बादल छाए लेकिन दोपहर में तेज धूप निकली। शाम होते होते फिर आसमान बदलों से घिर गया और आंधी के
साथ कुछ क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि भी हुई। ऊसराहार क्षेत्र के उदयपुर गांव में तेज आंधी में पेड़ टूटकर बिजली के तारों से गिरा। तारों में खिंचाव से
बिजली का खंभा गिर गया। गली में खड़ा गांव का अखिलेश सविता (35) खंभे की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
अखिलेश ऊसराहार में नाई की दुकान पर काम करता था। उदयपुर निवासी प्रसपा नेता प्रशांत यादव ने बताया कि अखिलेश के दो बेटे व दो बेटियां हैं। परिवार की माली हालत अच्छी नहीं है। सूचना पर ऊसराहार थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसीलदार ताखा श्रीराम यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी तरह चकरनगर क्षेत्र में आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे। बकेवर क्षेत्र में भी बारिश हुई। महेवा क्षेत्र में काफी देर तक बारिश हुई। किसान हरिश्चंद्र और सुरेश चंद्र ने बताया कि एक सप्ताह तक गेहूं की कटाई नहीं हो पाएगी। भीगने से फसल काफी नम हो गई है। निवाड़ीकला के
रजनीस और अरुण ने बताया कि आंधी में काफी भूसा उड़ गया। भरथना क्षेत्र में भी शाम करीब पांच बजे आंधी के साथ बारिश हुई। ऊमरसेंडा गांव के किसान राजेश और अजय ने कहा कि फसल काफी भीग गई है।