रेलवे स्टेशन पर जागरूकता संबंधी जानकारी देते आरपीएफ के अधिकारी
- फोटो : amarujala
इटावा। कानपुर में हुए ट्रेन हादसे के तार आतंकवादियों से जुड़ जाने के बाद रेलवे सतर्क हो गया है। इसके चलते रेलवे बोर्ड ने आरपीएफ को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और यात्रियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को आरपीएफ प्रभारी डीबी सिंह ने रेलवे बोर्ड से मिले निर्देशों के बाद आरपीएफ पोस्ट पर रेल सुरक्षाकर्मियों के साथ एक बैठक की और सतर्कता बढ़ाए जाने के लिए एक सुरक्षा जांच दस्ता गठित किया। एसआई अमित कुमार की अगुवाई वाले इस दस्ते को थाना क्षेत्र के जसवंतनगर से साम्हों के बीच रात में विशेष सतर्कता रखने के निर्देश दिए गए हैं।
टीम इस दूरी के बीच कहीं भी कभी भी पहुंचकर ट्रैक चेक करेगी और संदिग्धों पर नजर रखेगी। दिन में टीम प्लेटफार्म पर आने जाने वाली ट्रेनों, प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों के सामान, पार्सल पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीडब्लूआई को भी पत्र लिखा है। जिसमें सभी ट्रेकमैनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि ट्रैक पर कुछ भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ को दें।
यात्रियों को भी इसके लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को आरपीएफ के 182 नंबर पर जानकारी देने की सलाह दी गई है। आरपीएफ मैनपुरी ट्रैक पर भी नजर रखेगी और पेट्रोलिंग करेगी।