शुक्रवार को भदान के पास रेलवे के मेगा ब्लाक के चलते कई ट्रेनें घंटों इटावा स्टेशन के आसपास खड़ी रहीं। ब्लाक से अप और डाउन दोनों ही ट्रैक प्रभावित रहे।
जनपद की सीमा से सटे भदान रेलवे स्टेशन के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का ओवरब्रिज निर्माण कार्य जोरों पर है। शुक्रवार को भदान होम सिगभनल के निकट स्थित निर्माण स्थल पर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए गार्टर का झूला बनाने का कार्य किया जाना था। इसको लेकर शुक्रवार दोपहर दो घंटे का ब्लाक अप और डाउन दोनों ट्रैकों पर लिया गया। शुक्रवार दोपहर 2 बजकर 55 मिनट से चार बजकर 55 मिनट के लिए ब्लाक लगाकर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। दो घंटे तक ट्रैक पर कोई भी ट्रेन नहीं दौड़ी। इस बीच 12942 अप पारसनाथ एक्सप्रेस व 12815 नंदन काना सुपरफास्ट इटावा स्टेशन पर खड़ी रहीं। जबकि छह मालगाड़ी भी अप व डाउन ट्रैक पर पीछे के स्टेशनों पर खड़ी रहीं। यात्रियाें को प्लेटफार्म पर घंटों बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।