सैफई के चंदगीराम स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय पुरुष हाकी चैंपियनशिप में विजेता रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के टीम।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश हाकी एसोसिएसन के तत्वावधान में मास्टर चंदगी राम स्पोर्ट्स स्टेडियम सैफई में एक माह से चल रही छठवीं सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का समापन हो गया। चैंपियनशिप का फाइनल रोमांचक मुकाबला पंजाब एवं रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के मध्य हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमें 2-2 से बराबर थी। परिणाम के लिए पेनाल्टी शूट आउट नियम का प्रयोग किया गया, जिसमें रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने तीन के मुकाबले चार गोल कर चैंपियनशिप 6-5 से जीत ली।
यह चैंपियनशिप अब तक की सबसे बड़ी सीनियर नेशनल हाकी चैंपियनशिप है, जिसमें 51 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच तक 100 मैच खेले गए। इस चैंपियनशिप में हाकी इंडिया के चयनकर्ता डा. आरपी सिंह बराबर मौजूद रहे ।
चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री राम सकल गुर्जर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हाकी इंडिया के सचिव मुस्ताक अहमद, कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सचिव राजस्थान हाकी अरुण कुमार सारस्वत, रिम्स एंड आर सैफई निदेशक डा. टी. प्रभाकर, वरिष्ठ समाजवादी नेता राजपाल सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन सचिव आनंदेश्वर पांडेय उपस्थित रहे। उप्र हाकी एसोसिएशन निदेशक खेल डा. आरपी सिंह ने अतिथियों का बैच व कैप लगाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी सैफई/प्रधानाचार्य सैफई स्पोर्ट्स कालेज योगेंद्र पाल सिंह, टूर्नामेंट टेक्निकल डायरेक्टर आशुतोेष वर्मा, अंपायर मैनेजर अविनाश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हाकी के कोषाध्यक्ष लईक अहमद खान, प्रधानाचार्य एसएमजीआई इटावा डा आनंद मोहन, राहुल सिंह, पूर्व क्रीड़ाधिकारी आरके शर्मा, उप क्रीड़ाधिकारी सैफई राजेश कुमार सोनकर, उप क्रीड़ाधिकारी सैफई राजेश कुमार गौड़, उप क्रीड़ाधिकारी इलाहाबाद राममिलन, उप क्रीड़ाधिकारी अलीगढ़ डा मंजूर आलम अंसारी, हाकी प्रशिक्षक सैफई मो. जियाउर्रहमान उपस्थित रहे।