जसवंतनगर। नगर में धार्मिक धुनों के बीच रविवार की दोपहर निकली राधा माधव संकीर्तन यात्रा में आकर्षण का केंद्र विदेशी कृष्ण भक्त रहे, जो नाचते चल रहे थे। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। युगल सरकार फूलों से सजे खुले वाहन में सवार थे। जिस रास्ते से संकीर्तन यात्रा निकली, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की और आरती उतारी।
संकीर्तन यात्रा में वृंदावन से आए हरे कृष्णा संप्रदाय के विदेशी भक्तों ने बैंडबाजे की धुनों पर नृत्य किया। श्रद्धालु हरे कृष्णा, कृष्णा-कृष्णा हरे-हरे का गायन करते चल रहे थे। कटरा बुलाकीदास, होमगंज, महलई टोला, बड़ा चौराहा, सदर मार्केट, बस स्टैंड चैराहा होते हुए इटावा रोड हाईवे स्थित मैरिजहाॅल पर समापन हुआ। इस मौके पर संगीत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान अनूप वर्मा, सुशील वर्मा, राजीव माथुर, प्रदीप गुप्ता, बंटू गुप्ता,श्याम गुप्ता, राजू शर्मा, शांतनु पुरवार आदि लोग उपस्थित रहे।