कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड के पास से टेंपो से उतर कर पैदल जा रही एक एएनएम के गले से एक लुटेेरे ने चेन लूट ली। एएनएम के चीखने पर आसपास के लोगों ने पैदल भाग रहे लुटेरे को धर दबोचा। जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया।
शहर के मुहल्ला कटरा बल सिंह निवासी लक्ष्मी नारायण गुप्ता की पुत्री अर्चना गुप्ता पीएचसी इकदिल में एएनएम के पद पर तैनात हैं। शनिवार को रोडवेज तिराहे पर टेंपो से उतरकर वह पैदल घर की ओर जा रही थीं। इसी बीच एक लुटेरे ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन लूट ली और भागने लगा।
अर्चना के शोर मचाने पर लोगों ने पीछाकर उसे धर दबोचा। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी । लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। लूट की जानकारी मिलने पर कोतवाल विनोद यादव के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम के अलावा इकदिल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पकडे़ गए लुटेरे ने अपना नाम विशाल पुत्र लख्मी चंद्र निवासी मुहल्ला गुलियांत कस्बा इकदिल बताया।
पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी चेन भी बरामद की है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ भी कर रही है। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि चेन लूटकर भाग रहे युवक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।