फोटो 02::ईवीएम और वीवीपैट से मतदान की बारे में जानकारी देते डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल। स्रोत-सू
इटावा। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और मतदान की प्रक्रिया को समझा।
डीएम ने कहा कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और ईवीएम को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कलक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जागरूकता कार्यक्रम चलेगा। इसके अलावा जिले की सभी तहसीलों में भी लोगों को ईवीएम से मतदान करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीवीपैट के माध्यम से मतदाता अपने डाले गए वोट का सत्यापन कर सकते हैं।
मतदान के बाद मशीन की पारदर्शी खिड़की में करीब सात सेकंड में एक पर्ची दिखाई देती है। इसमें चुने गए प्रत्याशी का नाम, क्रमांक और चुनाव चिह्न दर्ज होता है। इससे मतदाता यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनका वोट सही प्रत्याशी को गया है। प्रशिक्षण के दौरान लोगों को बताया गया कि ईवीएम की बैलेट यूनिट पर पसंदीदा प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न के सामने लगे नीले बटन को दबाकर मतदान किया जाता है।
अधिवक्ताओं और आमजन को स्वयं मतदान कराकर व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। डीएम ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर मतदान प्रक्रिया को समझने की अपील की। इस मौके पर उपजिलाधिकारी न्यायिक राकेश, श्वेता तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।